पोइया घाट पैंटून पुल से आसान हुआ आगरा-खंदौली का सफर, अब 15 मिनट में पहुंचेंगे खंदौली - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

पोइया घाट पैंटून पुल से आसान हुआ आगरा-खंदौली का सफर, अब 15 मिनट में पहुंचेंगे खंदौली

पोइया घाट पैंटून पुल से आसान हुआ आगरा-खंदौली का सफर, अब 15 मिनट में पहुंचेंगे खंदौली


आगरा। यमुना पर बने पोइया घाट पैंटून पुल से बुधवार सुबह वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। बारिश के दौरान यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण बंद किए गए इस पुल को पानी कम होने के बाद दोबारा तैयार किया गया है। पुल चालू होने से दयालबाग और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब आगरा से खंदौली जाने के लिए रामबाग और टेढ़ी बगिया के लंबे जाम से जूझने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पोइया घाट के रास्ते महज 10 से 15 मिनट में खंदौली पहुंचा जा सकेगा।

दरअसल, दयालबाग के पोइया घाट पर यमुना नदी में पैंटून पुल बनाया गया है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते पुल को बंद कर दिया गया था। अब यमुना का जलस्तर कम होने के बाद पुल को दोबारा तैयार कर वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, बुधवार सुबह से आवाजाही शुरू हो गई है, लेकिन अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।अब तक आगरा से खंदौली जाने वाले वाहनों को रामबाग और टेढ़ी बगिया होकर करीब 20 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करना पड़ता था। इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों का काफी समय बर्बाद होता है। वहीं दयालबाग से पोइया घाट होते हुए खंदौली की दूरी घटकर करीब पांच से आठ किलोमीटर रह जाती है। इस रास्ते से 10 से 15 मिनट में खंदौली पहुंचना संभव होगा।

पैंटून पुल पर आवागमन को लेकर समय की पाबंदी भी निर्धारित की गई है। पुल पर लगाए गए नोटिस के अनुसार वाहन केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही गुजर सकेंगे। रात के समय पुल पर रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण इसे बंद रखा जाएगा। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित समय का ध्यान रखना होगा।

पोइया घाट पैंटून पुल शुरू होने से दयालबाग, खंदौली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही रामबाग और टेढ़ी बगिया मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने की भी उम्मीद है।

video

Pages