आगरा से कांग्रेस ने भरी 2027 विधानसभा चुनाव की हुंकार, प्रदेश अध्यक्ष बोलीं- भाजपा को देंगे पटखनी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 22 नवंबर 2026

आगरा से कांग्रेस ने भरी 2027 विधानसभा चुनाव की हुंकार, प्रदेश अध्यक्ष बोलीं- भाजपा को देंगे पटखनी

आगरा से कांग्रेस ने भरी 2027 विधानसभा चुनाव की हुंकार, प्रदेश अध्यक्ष बोलीं- भाजपा को देंगे पटखनी


आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन और बसपा की चुनावी तैयारियों के बीच अब कांग्रेस ने भी ताजनगरी आगरा से चुनावी शंखनाद कर दिया है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा और ब्रज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी शामिल रहे।

कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के जरिए विशेष रूप से आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति दिखाई। पार्टी का फोकस दलित मतदाताओं को एकजुट करने पर रहा। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि दलित समाज का समर्थन मिलने से इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति मजबूत हो सकती है। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा ने महिलाओं से भी संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

आराधना मोना मिश्रा ने कहा कि आगरा विश्व प्रसिद्ध नगरी है, लेकिन यहां का युवा रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों में नौकरी और मजदूरी करने को मजबूर है। उन्होंने अयोध्या और मथुरा को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका बचपन अयोध्या में बीता है और वह वहां दर्शन के लिए जाया करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अयोध्या में भगवान राम के नाम पर चंदा चोरी के अलावा कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अयोध्या में सब कुछ समाप्त होने के बाद भाजपा ने अब मथुरा को नया सहारा बनाया है। अयोध्या के बाद मथुरा में भी भाजपा को जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जो हुआ, वैसा मथुरा में नहीं होना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने मजदूरों के हितों की लड़ाई लड़ने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी। वहीं कार्यक्रम में मौजूद रामनाथ सिकरवार ने कार्यकर्ताओं से 2027 में भाजपा को पटखनी देने का आह्वान किया। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर देश और आगरा को बदनाम करने का आरोप लगाया। साथ ही भाजपा सरकार पर बैंकों के माध्यम से लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर लोगों का पैसा माफ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगरा की नौ विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को चार से पांच सीटें मिलनी चाहिए।

कांग्रेस के इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ब्रज क्षेत्र में संगठन को सक्रिय करने और दलित मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

video

Pages