त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार सख्त, अधिकारियों को दिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
आगरा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त, समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे।
समीक्षा गोष्ठी के दौरान पुलिस आयुक्त ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, आईजीआरएस एवं सीएम डैशबोर्ड फीडबैक, अपराधियों की निगरानी, साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश, महिला एवं बाल सुरक्षा, जनसुनवाई तथा लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण की विस्तार से समीक्षा की। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान के तहत रोड इंजीनियरिंग से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने धनतेरस, दीपावली, भैयादूज, वाल्मीकि जयंती एवं देवछठ जैसे आगामी पर्वों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने, आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रखी जाए, ताकि आगरा में सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।