आगरा। आगामी पर्व एवं त्योहारों के मद्देनजर आगरा में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने पुलिस उपायुक्त पश्चिमी के साथ थाना सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस बल सहित पैदल गश्त की। इस दौरान प्रमुख बाजारों, सर्राफा मार्केट, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सर्राफा बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। बाजारों में प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के साथ यूपी-112 के पीआरवी वाहनों की विजिबिलिटी बढ़ाई जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर ने पैदल गश्त के दौरान स्थानीय व्यापारियों, सर्राफा कारोबारियों और दुकानदारों से संवाद भी किया। उन्होंने बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए व्यापारियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगरा पुलिस का उद्देश्य है कि बाजारों से लेकर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक सुरक्षा का मजबूत माहौल बना रहे और आमजन बिना किसी भय के त्योहार मना सकें। इसके लिए आगरा पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।