आगरा में तहसील स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, जिलाधिकारी मनीष बंसल की पहल पर जारी हुई समय-सारिणी; फेस ऑथेंटिकेशन से ऑनलाइन जमा होगा प्रमाण-पत्र
आगरा। जिले के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। अब जीवित प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए उन्हें कोषागार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशनर अपने घर बैठे ही स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा से यह प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक हो गई है।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, भारत सरकार की ओर से 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों से अपील की है कि जिनके जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे समय रहते अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत कर दें। इसके लिए कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य नहीं है।
मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे ने बताया कि पेंशनर अपने या परिवार के किसी सदस्य के स्मार्टफोन में प्ले स्टोर से सबसे पहले AadhaarFaceRD App और इसके बाद Jeevan Pramaan App इंस्टॉल करें। ऐप खोलकर आधार नंबर, नाम, पेंशन का प्रकार, पीपीओ नंबर और बैंक संबंधी आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन भेजा जा सकता है। इस सुविधा से बुजुर्ग पेंशनरों को विशेष राहत मिलेगी और उन्हें प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
तहसील स्तर पर भी पेंशनरों की सुविधा के लिए विशेष डीएलसी शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 नवंबर को एत्मादपुर तहसील परिसर, 15 नवंबर को बाह उपकोषागार, 17 नवंबर को किरावली तहसील परिसर, 19 नवंबर को खेरागढ़ तहसील परिसर और 21 नवंबर को फतेहाबाद तहसील परिसर में शिविर लगाए जाएंगे। सभी शिविर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक संचालित होंगे।
शिविरों में कोषागार की टीम पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन तैयार कराने में मदद करेगी। साथ ही मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण और आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी।