सोरों कटरा में सड़क निर्माण का भूमि पूजन कर रखी विकास की आधारशिला, बोले– दक्षिण विधानसभा का समग्र विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता
आगरा। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने गुरुवार को शाहगंज के सोरों कटरा स्थित श्रीकृष्ण गौशाला मार्ग के नवनिर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे स्थानीय नागरिकों और गौशाला आने वाले श्रद्धालुओं को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
श्रीकृष्ण गौशाला को जाने वाला मार्ग काफी समय से बदहाल स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव होने के कारण स्थानीय निवासियों, राहगीरों और गौसेवकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रीय लोगों द्वारा लंबे समय से सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की जा रही थी। जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत कराया और अब इसका शुभारंभ भी करा दिया।भूमि पूजन के अवसर पर मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का समग्र और चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनका दायित्व है। श्रीकृष्ण गौशाला मार्ग की बदहाल स्थिति को देखते हुए इसके निर्माण की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और निर्माण की गुणवत्ता से भी समझौता नहीं होगा।सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से सोरों कटरा और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए मंत्री का आभार जताया। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल स्थानीय आवागमन सुगम होगा, बल्कि श्रीकृष्ण गौशाला आने वाले श्रद्धालुओं और गौसेवकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण गौशाला समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल भगत्यानी, हेमंत भोजवानी, महेश मंघरानी, भगवानदास आवतानी, जेके मदनानी, पूरन चंद, पार्षद सुनील कर्मचंदानी, पार्षद पूजा वाल्मीकि, पार्षद राधा रानी, आशु मूलचंदानी और जीतू तुलसियानी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, गौसेवक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।