आगरा। शादियों का सीजन शुरू होने से पहले ही यातायात पुलिस ने शहर को जाम से बचाने की तैयारी तेज कर दी है। मैरिज हॉल संचालकों को अब शादी समारोहों में आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर या निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। खासतौर पर एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर स्थित मैरिज हॉलों पर पुलिस का विशेष फोकस रहेगा, ताकि सड़कों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से जाम न लगे।यातायात माह नवंबर-2026 के पहले दस दिनों की समीक्षा गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने की। उन्होंने डीसीपी यातायात, एडीसीपी यातायात, एसीपी यातायात और यातायात निरीक्षकों के साथ बैठक कर अब तक हुई कार्रवाई और जागरूकता अभियानों की समीक्षा की। साथ ही आगामी दिनों के लिए कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
21 नवंबर को देवोत्थान एकादशी से शुरू हो रहे वैवाहिक आयोजनों को देखते हुए अधिकारियों ने एमजी रोड और फतेहाबाद रोड के मैरिज हॉल संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि शादी समारोहों में आने वाले वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा न हो और आम लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।