आगरा। ताजनगरी में भक्ति, आस्था और ब्रज संस्कृति की छटा बिखेरने वाले शताब्दी से अधिक पुराने श्रीकृष्ण लीला महोत्सव-2026 का गुरुवार को विधिवत शंखनाद हो गया। वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन के राधा हॉल में आयोजित समारोह में जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष के बीच महोत्सव की स्मारिका 'लीलांजलि' और आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि 13 नवंबर को श्रीगणेश जी की सवारी और 14 नवंबर को कंस की दुहाई की सवारी निकाली जाएगी। दोनों सवारियां बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर महाराजा अग्रसेन मार्ग पर संपन्न होंगी। 15 नवंबर को शाम 6:30 बजे वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की लीला के साथ मंचीय कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा।
महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि 16 नवंबर को नंदोत्सव एवं पूतना वध और 17 नवंबर को गोचारण, कालियादह एवं माखन चोरी की लीलाओं का मंचन होगा। इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में 18 नवंबर को भीष्म प्रतिज्ञा, 19 नवंबर को प्रह्लाद चरित्र और 21 नवंबर को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की लीला प्रस्तुत की जाएगी। 21 नवंबर को साइकिल फूलों की होली भी आकर्षण रहेगी। महोत्सव का समापन 25 नवंबर को हवन-पूजन और लीला स्वरूपों की विदाई के साथ होगा।लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि महोत्सव के दौरान रक्तदान शिविर और पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्य भी किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के लिए कदंब और माखन-कटोरा के पौधे लगाए जाएंगे। वहीं समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने घोषणा की कि वर्ष 2027 के महोत्सव में भव्य द्वारकापुरी सजाई जाएगी।